रोहित और राहुल द्रविड़ से तालमेल बैठाने के लिए विराट को करनी होगी ज्यादा कोशिश
भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर सबा करीम (Saba Karim) का मानना है कि नए कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ (Head Coach Rahul Dravid) के साथ अच्छा तालमेल बनाने के लिए विराट कोहली (Virat Kohli) को अतिरिक्त प्रयास करना होगा।
रोहित को सीमित ओवरों के लिए भारतीय टीम का नया कप्तान बनाया गया है। टेस्ट क्रिकेट में भी उन्हें अगले कप्तान का प्रबल दावेदार (India New Test Captain) माना जा रहा है। कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज समाप्त होने के बाद इस फॉर्मेट की कप्तानी से भी इस्तीफा (Virat Kohli Step Down Test Captain) दे दिया था।
भारतीय क्रिकेट के भविष्य की रणनीति पर चर्चा करते हुए करीम ने अपनी राय रखी। खेलनीति पॉडकास्ट पर करीम ने कहा, ‘विराट कोहली (Virat Kohli) को अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। उन्हें कुछ मलाल तो होगा लेकिन वक्त हर जख्म को भर देगा। मुझे लगता है कि इस सबका सामना करने के लिए विराट कोहली काफी अनुभवी और परिपक्व हैं। हमें जल्द ही मैदान पर यह नजर भी आएगा।’
अतीत में ऐसी खबरें आती रही हैं कि विराट कोहली और रोहित शर्मा (Virat Kohli vs Rohit Sharma) के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। हालांकि अपनी कप्तानी के कार्यकाल के दौरान विराट ने लगातार ऐसी बातों का खंडन ही किया।
