चौथे दौर में पहुंचे राफेल नडाल
ऑस्ट्रेलियन ओपन में छठी वरीयता प्राप्त राफेल नडाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रूस के कारेन खचानोव को 6-3, 6-2, 3-6, 6-1 से हराकर चौथे दौरे में जगह बना ली है। इससे पहले नडाल ने यानिक हांफमैन को हराकर टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश किया था। अपने रिकॉर्ड 21वें ग्रैंड स्लैम को जीतने के लिए नडाल इस टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 में कई उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। विमेंस सिंगल्स में मौजूदा ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन जापान की नाओमी ओसाका को हार का सामना करना पड़ा है। चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन और 13वीं वरीयता प्राप्त ओसाका को अमेरिका की गैर-वरीय अमांडा अनिसिमोवा ने तीन सेट तक चले मुकाबले में 4-6, 6-3, 7-6[5] से हरा दिया। दोनों के बीच ये मुकाबला 2 घंटे 15 मिनट तक चला। इस जीत के साथ ही अनिसिमोवा चौथे दौरे में पहुंच गई हैं। वहीं, नाओमी ओसाका ऑस्ट्रेलियन ओपन से बाहर हो गई हैं।
