2017 की मोदी-योगी लहर में भी पार्टी को 50% वोट मिले थे
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ेंगे। इस सीट पर 2007 से सपा लगातार जीतती आ रही है। 2017 के चुनाव में मोदी-योगी की लहर के बावजूद यहां सपा प्रत्याशी सोबरन सिंह को 50% वोट मिले थे। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर न तो पार्टी ने और न ही अखिलेश ने इसकी घोषणा की है। इससे पहले अखिलेश के आजमगढ़ से चुनाव लड़ने की चर्चा थी। खुद अखिलेश ने कहा था कि आजमगढ़ की जनता से पूछकर वह चुनाव लड़ने का फैसला करेंगे।
दरअसल, करहल विधानसभा सैफई के करीब है। यहां सपा मुखिया के परिवार का काफी प्रभाव है। पिछले तीन बार से यहां से सपा के सोबरन यादव विधायक हैं। उनके सिर पर पर मुलायम का हाथ बताया जाता है। 2017 के चुनाव में सपा उम्मीदवार सोबरन सिंह यादव ने 104221 वोट पाकर भाजपा के राम शाक्य को 38405 वोट से शिकस्त दी थी।
मैनपुरी में सपा के जिला संगठन ने लिखित रूप में गुरुवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव को करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव सौंपा। करहल के सपा विधायक सोबरन सिंह यादव और एमएलसी अरविंद प्रताप सिंह गुरुवार सुबह लखनऊ पहुंचे। उनकी पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात हुई। मुलाकात में सभी ने अखिलेश यादव से अनुरोध किया कि वह करहल विधानसभा से चुनाव लड़ें। जिलाध्यक्ष के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया है।