AAP बहुमत से सिर्फ 1 सीट दूर, पंजाब पर आया नया सर्वे
चंडीगढ़
पंजाब में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान हो चुका है। इस बीच चुनाव से पहले आए एक ताजा सर्वे में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। एबीपी-सी वोटर के इस सर्वे के मुताबिक अरविंद केजरीवाल की पार्टी कांग्रेस को पीछे छोड़कर राज्य में सबसे बड़ा दल बन सकती है। सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में 52 से 58 सीटें जीत सकती है। राज्य में बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा 59 है।
आम आदमी पार्टी को 52 से 58 सीटें मिलने का अनुमान
पंजाब में विधानसभा की 117 सीटें हैं। एबीपी न्यूज सी वोटर के सर्वे में आम आदमी पार्टी को 52 से 58 सीटें मिलने का अनुमान है। बहुमत के जादुई आंकड़े से यह सिर्फ एक सीट कम है। वहीं सर्वे में कांग्रेस को 37 से 43 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं शिरोमणि अकाली दल को 17 से 23 सीटें मिल सकती हैं। सर्वे के मुताबिक कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ गठबंधन कर लड़ रही बीजेपी को कोई खास फायदा नहीं दिख रहा है। बीजेपी अलायंस को 1 से 3 सीटें मिल सकती हैं।
किस पार्टी को कितने वोट
वोट प्रतिशत की बात करें तो आम आदमी पार्टी 40 प्रतिशत वोटों के साथ सबसे आगे नजर आ रही है। एबीपी सी वोटर सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को 36 फीसदी जबकि अकाली दल को महज 18 फीसदी वोट हासिल हो सकते हैं। इसके अलावा बीजेपी को 2 और अन्य को 4 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।