बिना मास्क के चंडीगढ़-पटियाला में की थी रैली
दिल्ली के CM और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के कोरोना पॉजिटिव आने से पंजाब-चंडीगढ़ में भी हड़कंप मच गया है। केजरीवाल ने सोमवार को देहरादून में सभा की थी, तो वहीं कुछ दिन पहले चंडीगढ़ और पटियाला में भी रैली की थी। इसके अगले दिन नए साल पर वे अमृतसर में धार्मिक स्थानों पर माथा टेकने गए थे। इनमें से किसी जगह केजरीवाल मास्क लगाए नहीं दिखे थे।
अरविंद केजरीवाल पंजाब और उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। अपने पंजाब दौरे पर उन्होंने कई नेताओं से मुलाकात की थी। उनके पॉजिटिव आने के बाद पंजाब में चुनावी रैलियों को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
चंडीगढ़ में की थी विजय रैली
अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ में 30 दिसंबर को विजय रैली की थी। यह विजय रैली चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी को 35 में से 14 सीटें जीतने पर की गई थी। सेक्टर 22 की अरोमा लाइट्स से सेक्टर 23 की लाइट्स तक रैली निकाली गई थी। इसमें भारी भीड़ उमड़ी थी। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी के बावजूद केजरीवाल और दूसरे आप नेताओं ने मास्क नहीं पहने थे। इसके बाद केजरीवाल ट्रक यूनियन के धरने में भी गए थे।