‘भ्रष्टाचार का इत्र छिड़क रखा था, आज सामने आ गया’
कानपुर
कानपुर मेट्रो के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने जमकर विपक्ष पर निशाना साधा। यूपी चुनाव (UP Chunav) तारीखों की घोषणा भले ही अभी नहीं हुई हो, लेकिन चुनावी बिसात बिछ चुकी है। राजनीतिक हमले खूब हो रहे हैं। हर राजनीतिक दल चुनावी मैदान में बढ़त बनाने को लेकर अपनी रणनीति को मजबूत बना रहा है। इस क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) में भाजपा (BJP) की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया।
मशहूर इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कानपुर स्थित आवास और कन्नौज स्थित इत्र की फैक्ट्री पर 22 दिसंबर से 27 दिसंबर के बीच छापेमारी चली। सीबीआईसी ने यहां से छापेमारी के इतिहास की सबसे बड़ी रिकवरी यहां से की है। करीब 200 करोड़ रुपये नकद यहां से बरामद किए गए हैं। इसके अलावा सोना और चंदन के तेल की बरामदगी के बाद मामला गरमाया हुआ है। अब इस मामले पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी करारा हमला बोला है। पीयूष जैन के बहाने उन्होंने सीधे समाजवादी पार्टी अध्यक्ष को निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने पीयूष जैन पर छापेमारी में हुई बरामदगी को ‘भ्रष्टाचार का इत्र’ नाम दे दिया।
