दिल्ली हाईकोर्ट में अमेजन ने ED के खिलाफ मुकदमा दायर किया
अमेजन और फ्यूचर ग्रुप के बीच चल रहा विवाद दिल्ली हाईकोर्ट जा पहुंचा है। इस बार अमेजन ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के खिलाफ याचिका लगाई है। इसमें विदेशी निवेश कानून के उल्लंघन को लेकर ईडी की जांच पर सवाल उठाए हैं। ईडी भारत के फ्यूचर ग्रुप में अमेजन के 200 मिलियन डॉलर (करीब 1500 करोड़ रुपए) के निवेश की महीनों से जांच कर रहा है। बता दें कि कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) ने अमेजन और और फ्यूचर ग्रुप की डील को सस्पेंड कर दिया है।
अमेजन ने 816 पेज की याचिका में आरोप लगाया है कि 2019 में फ्यूचर समूह के साथ हुए 20 करोड़ डॉलर (करीब 1500 करोड़ रुपए) के करार को लेकर उसे बेवजह परेशान किया जा रहा। जांच में अमेजन के कई कार्यकारी अधिकारियों और भारत प्रमुख को समन जारी किया गया है। इसे लेकर ईडी की ओर से जारी समन में जो जानकारियां मांगी गई हैं, वह फ्यूचर ग्रुप की डील से अलग हैं।
अमेजन की कोर्ट फाइलिंग में ईडी का नोटिस सामने आया
अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने अदालत से अपील की है कि संबंधित मामले में ईडी को किस तरह की जांच का अधिकार है, इसे स्पष्ट किया जाए। अमेजन ने कोर्ट में जो फाइलिंग की है उसमें 19 फरवरी को ईडी द्वारा दिया गया नोटिस, एग्रीमेंट की कॉपी, बैंक अकाउंट डिटेल और दूसरे इंटरनल कम्युनिकेशन डॉक्युमेंट्स शामिल हैं।
