उत्तर के अम्बिकापुर से अधिक ठंडा हुआ दूर दक्षिण का नारायणपुर

उत्तर दिशा की ओर से शुष्क और ठंडी हवाओं के आने से छत्तीसगढ़ का पूरा भौगोलिक क्षेत्र इस समय शीतलहर की चपेट में है। अपनी सर्द रातों के लिए प्रसिद्ध अम्बिकापुर से अधिक ठंडा दूर दक्षिण का नारायणपुर कस्बा रहा। सरगुजा के बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह इस सीजन में प्रदेश का सबसे कम तापमान हो गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने जानकारी दी है कि बलरामपुर के ARG (स्वचालित वर्षामापी) केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं जशपुर के डुमरबहार कृषि विज्ञान केंद्र में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री और कोरिया कृषि विज्ञान केंद्र में 4.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। एक दिन पहले तक यहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस था।

अम्बिकापुर में तापमान लगभग स्थिर है। वहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहां से 575 किलोमीटर दक्षिण स्थित नारायणपुर उससे भी ठंडा रहा। नारायणपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ वर्षों में नारायणपुर में इतना कम तापमान दर्ज नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *