जम्मू कश्मीर 8-10 साल में आतंकवाद से मुक्त हो सकता है
पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल एन सी विज का कहना है कि कश्मीर में दो-तीन साल के प्रतिरोध के बाद आतंकवाद धीरे-धीरे खत्म होना शुरू हो जाएगा और 8-10 साल की अवधि में इसके आतंकवाद के प्रभाव से मुक्त प्रदेश बन जाने की संभावना है।
विज की एक किताब ‘‘द कश्मीर कॉनड्रम: द क्वेस्ट फॉर पीस इन ए ट्रबल्ड लैंड’’ आई है, जिसमें उन्होंने एक समग्र तस्वीर प्रस्तुत करने की कोशिश की है। इसमें जम्मू कश्मीर और वहां के लोगों के इतिहास के साथ विशेष दर्जा वापस लिए जाने तक की कहानी है।
जम्मू कश्मीर के बाशिंदे विज ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र में आतंकवाद के जल्द खत्म होने की संभावना नहीं है। इसमें आठ से दस साल लग सकते हैं, लेकिन समय के साथ असर कम होने की संभावना है क्योंकि पाकिस्तान की शरारत करने की क्षमता भी कम हो जाएगी।’’
पूर्व थल सेना प्रमुख ने कहा कि वह आश्वस्त हैं कि पांच और छह अगस्त 2019 के ‘‘महत्वपूर्ण घटनाक्रम’’ ने कश्मीर में आतंकवाद को करारा झटका दिया। ‘हार्पर कॉलिंस इंडिया’ द्वारा प्रकाशित किताब में विज ने कहा है, ‘‘एक आक्रामक स्थिति से पाकिस्तान और अलगाववादी अपने लिए लड़ने और बचाव करने तक सीमित हो गए हैं। साथ ही अनुच्छेद 370 और 35ए के निरस्त होने से कश्मीरियों के लिए नयी दुविधा पैदा हो गई है। उन्होंने अपना विशेष दर्जा खो दिया है। इसने उन्हें हमेशा खुद को शेष भारत से अलग समझने के लिए प्रेरित किया था। अब, उन्हें डर है कि वे अपने ही गृह राज्य में अल्पसंख्यक हो जाएंगे।’’
