Google Analytics Meta Pixel
छत्तीसगढ़फीचर्ड

भूपेश बोले-षड़यंत्रकारी तो वे लोग, झीरम में हमारे नेताओं को मार डाला

भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को षड़यंत्रकारी कहा था। शनिवार को मौका मिला तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस बहाने भाजपा पर हमला बोल दिया। उन्होंने कहा, षड़यंत्रकारी तो वे लोग हैं। झीरम में हमारे नेताओं को षड़यंत्र करके मार डाला। अब जांच भी नहीं होने दे रहे हैं।

रायपुर पुलिस लाइंस स्थित हेलिपैड पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, षड़यंत्र तो वे करते है। कैसे लोगों को धोखा दिया जाए। कैसे लोगों की भावनाओं को भड़काया जाए। यह षड़यंत्र प्रदेश ही नहीं देश देख रहा है। 15 लाख देने का वादा किया। झांसे में ले आये और वोट ले लिया। आज तक किसी को 15 लाख रुपया मिला नहीं।

दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने को बोले थे, नहीं मिला। इसी छत्तीसगढ़ में आदिवासियों को गाय देने की बात कही थी, मिली नहीं। षड़यंत्र करने का काम उनका है। वो दिन-रात इसी उधेड़बुन में रहते हैं कि लोगों को कैसे गुमराह किया जाये। ऐसा षड़यंत्र वे ही करते रहते हैं। दरअसल सरकार में कांग्रेस के तीन साल पूरे होने पर भाजपा ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने सरकार को फेल बताया था। उन्होंने मुख्यमंत्री पर षड़यंत्र का आरोप लगाया था। कहा, तीन साल में विकास रुक गया है।

कहा-संभावित हार की खीज निकाल रही है भाजपा

मुख्यमंत्री ने कहा, नगरीय निकाय के पिछले चुनाव में सभी 10 नगर निगमों में कांग्रेस जीती थी। सबमें हमारे महापौर हैं। इस बार चार नगर निगम, पांच नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में चुनाव हैं। इसमें भी हम अधिकांश सीटों पर जीतेंगे। भाजपा का सुपड़ा साफ होने वाला है। ये खीज निकालने के लिए ही भाजपा आरोप-प्रत्यारोप लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *