वानखेड़े पहनते हैं कई लाख के कपड़े और जूते
आर्यन क्रूज ड्रग्स केस में महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने मंगलवार सुबह एक बार फिर पूर्व CM देवेंद्र फडणवीस और समीर वानखेड़े पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के CM रहते फोर सीजन होटल में 15 करोड़ की पार्टीज की गईं। इस होटल में एक-एक टेबल की कीमत 15 लाख रुपए होती थी।
मलिक ने कहा कि इन पार्टीज के आयोजक कौन थे, इसकी जानकारी सामने आनी चाहिए। क्या आपको जानकारी नहीं थी या आपका पुलिस तंत्र इतना कमजोर था कि आपको इसकी जानकारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि हमने किसी पर हवा में आरोप नहीं लगाया, बल्कि तथ्यों के साथ इसे सामने लाए हैं। मैं एक बार फिर कहना चाहता हूं कि समीर वानखेड़े देवेंद्र फडणवीस के करीबी हैं।
समीर वानखेड़े ने अपनी प्राइवेट आर्मी खड़ी की: नवाब मलिक
नवाब मलिक ने कहा कि समीर वानखेड़े जब से इस विभाग में आया उसने अपनी एक प्राइवेट आर्मी खड़ी की। ये प्राइवेट आर्मी धड़ल्ले से शहर में ड्रग्स का कारोबार करती है, छोटे-छोटे मामले उजागर होते हैं, लोगों को फंसाया जाता है। वानखेड़े के जरिए हजारों करोड़ रुपए की उगाही हुई है।
70 हजार की शर्ट और 2 लाख के जूते पहनते हैं वानखेड़े
वानखेड़े ड्रग्स का खेल खेलकर करोड़ों की उगाही करता है। उनके बाकी के अधिकारी को देखिए जो केवल 700 से लेकर 1000 रुपए की शर्ट पहनते हैं, लेकिन वानखेड़े 70 हजार की शर्ट पहनते हैं। वानखेड़े रोज नई शर्ट बदलकर आते हैं, उन्होंने तो पीएम मोदी को भी पीछे छोड़ दिया है।
इतना ही नहीं वानखेड़े दो लाख के जूते, 25 लाख की घड़ी पहनते हैं। एक सामान्य अधिकारी के पास इतना सब कुछ कहां से आया? वानखेड़े पर कटाक्ष करते हुए कलिक ने कहा कि हम कामना करते हैं कि ऐसे ही ईमानदार देशभर में हो जाएं।
