एक बार फिर स्पेस स्टेशन के लिए ‘सिरदर्द’ बना रूस
मॉस्को
रूस के स्पेसक्राफ्ट ने एक बार फिर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए मुश्किलें पैदा कर दीं। शुक्रवार सुबह रूसी अंतरिक्षयान की इंजन टेस्टिंग के दौरान आईएसएस अपनी जगह से खिसक गया और अंतरिक्ष यात्री कुछ देर के लिए इमरजेंसी मोड में चले गए। यह हादसा तब हुआ जब अंतरिक्ष यात्री Oleg Novitsky स्पेस स्टेशन में डॉक किए हुए सोयूज स्पेसशिप के इंजन की टेस्टिंग कर रहे थे। इससे पहले जुलाई में भी रूस ने कुछ पलों के लिए आईएसएस के भीतर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों के लिए संकट पैदा कर दिया था।
शुक्रवार सुबह टेस्टिंग के दौरान अचानक इंजन तेजी से स्टार्ट हो गया और आग फेंकने लगा, जिससे स्पेस स्टेशन अपनी मूल स्थिति से थोड़ा खिसक गया। ह्यूस्टन में नासा के मिशन कंट्रोल ने अपने अंतरिक्ष यात्रियों को बताया कि स्पेस स्टेशन ने अपनी मूल जगह से अपने नियंत्रण को खो दिया है। इसलिए उन्हें आपातकालीन प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। रूस की स्पेस एजेंसी Roscosmos ने एक बयान जारी कर कहा कि आईएसएस ‘अस्थायी रूप’ से अपनी जगह से हट गया था लेकिन ‘बड़े आराम’ से अपनी जगह पर वापस आ गया। स्पेस स्टेशन पर कोई भी खतरे में नहीं था।
