नवरात्रि के उपवास के नाम पर कभी न करें ये गलतियां
शास्त्रों के अनुसार, सनातन धर्म में शारदीय नवरात्रि (Shardiya navratri 2021) को बहुत महत्व दिया जाता है। लोग नवरात्रि भर उपवास रखते हैं और 9 दिन में मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा करते हैं। 9 दिन तक चलने वाला यह उत्सव इस बार 7 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। जो लोग व्रत-उपवास दोनों को चुनते हैं, उन्हें अपने खान-पान में कुछ सावधानियां बरतने की भी जरूरत होती है। भले ही इस बात से कोई इंकार नहीं किया जा सकता है कि उपवास का हमारी सेहत को कोई नुकसान नहीं है लेकिन इसके दौरान आपको कुछ नियमों का पालन करना आवश्यक है।
व्रत करने के बीच हमें किन चीजों से सावधानी रखनी चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए, इस बारे में हमने आशादीप हॉस्पिटल एवं हर्ट रिसर्च सेंटर के (MD) फिजिशयन डॉक्टर बी एस उपाध्याय से बात की है। डॉक्टर ने उन लोगों को कुछ बातों का ध्यान रखने की सलाह दी है जो उपवास रख रहे हैं। इससे आपकी सेहत को लाभ ही होगा, न कि कोई हानि।
हृदय एवं डायबिटीज रोग विशेषज्ञ डॉ. बीएस उपाध्याय बताते हैं कि बहुत से लोग बिना अन्न-जल किए उपवास रखते हैं लेकिन निर्जलीकरण (Dehydration) कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे आप अनुभव करना चाहते हैं। वे कहते हैं कि शरीर के उचित कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए आप अपनी सेहत से खिलवाड़ न करें। हमेशा अपने शरीर को पर्याप्त पानी पिलाएं और उत्सव को हर्षोल्लास से मनाएं। उपवास में आप नारियल पानी, दूध और ताजे फलों के जूस जैसे तरल पदार्थों का सेवन कर सकते हैं।
