7 साल में तीसरे US प्रेसिडेंट से मुलाकात करेंगे प्रधानमंत्री
अमेरिका यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात करेंगे। बाइडेन ने 20 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इसके बाद यह पहला मौका है जब दोनों नेता आमने-सामने बैठकर बात करेंगे। दोनों देशों के लिए साझा चुनौतियां हैं। कोविड का कहर पूरी तरह दोनों ही देशों में थमा नहीं है। तेजी से वैक्सीनेशन का चैलेंज है। और ताजा और साझा चैलेंज अफगानिस्तान से सामने आ रहा है। देखना होगा कि बाइडेन और मोदी इस मामले में किस मुकाम या सहमति तक पहुंचते हैं।
पहले शेड्यूल में नहीं थी मीटिंग
मोदी के अमेरिकी दौरे का जब कार्यक्रम बना था, तब शुरुआती तौर पर यह तय नहीं लग रहा था कि बाइडेन से उनकी बाइलेट्रल बातचीत होगी। कई दिनों बाद व्हाइट हाउस ने खुद इस पर मुहर लगाई और कहा- प्रेसिडेंट बाइडेन व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करेंगे। बाद में बाइडेन के वीकली शेड्यूल में भी इसे शामिल किया गया और फिर भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रिंगला ने मुलाकात की पुष्टि कर दी।
चीन और पाकिस्तान की नजर
मोदी और बाइडेन की मुलाकात में क्या होता है और क्या बताया जाता है, इस पर सबसे ज्यादा नजरें तो चीन और पाकिस्तान की ही होंगी। अमेरिका चाहता है कि भारत भविष्य में भी अफगानिस्तान में बड़ा रोल प्ले करे। हालांकि, फिलहाल तो यह संभव नहीं है, क्योंकि इसके लिए पहले तालिबान हुकूमत तो कबूल करना होगा और अब तक दुनिया के किसी देश ने उसे मान्यता नहीं दी है।
