सरकार को 12,000 करोड़ की सालाना इनकम
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री (MORTH) नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने दावा किया है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi-Mumbai Expressway) के शुरू होने के बाद सरकार को हर महीने टोल के रूप में 1,000 से 1,500 करोड़ रुपये की कमाई होगी। यानी इस एक्सप्रेसवे से सरकार के खजाने में हर साल करीब 12,000 करोड़ रुपये आएंगे। इस एक्सप्रेसवे के 2023 में शुरू होने की उम्मीद है। गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की प्रगति की समीक्षा के लिए हाल में इस पर यात्रा की थी।
ट्रैवल टाइम रह जाएगा आधा
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे को दुनिया का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे बताया जा रहा है। इसका निर्माण ‘भारतमाला परियोजना’ के पहले चरण के तहत किया जा रहा है। इससे दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा का समय मौजूदा के 24 घंटे से घटकर आधा यानी 12 घंटे रह जाएगा। यह दुनिया का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे होगा। आठ लेन के इस एक्सप्रेसवे की लंबाई 1380 किमी होगी। यह जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट तक जाएगा लेकिन सरकार इसे नरीमन पॉइंट तक बनाने की योजना बना रही है।