शर्लिन चोपड़ा ने कहा- दीदी तो येड़ा बनकर पेड़ा खा रहीं
राज कुंद्रा पोर्नोग्राफी (Raj Kundra Pornographic Case) केस में मुंबई पुलिस ने करीब 1500 पन्नों की चार्जशीट दायर की है। इस सप्लीमेंट्री चार्जशीट में शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) से लेकर शर्लिन चोपड़ा (Sherlyn Chopra) और उन तमाम लोगों के बयान हैं, जिनसे पुलिस ने इस मामले में पूछताछ की है। चार्जशीट में शिल्पा शेट्टी के बयान का भी जिक्र है, जिसमें पुलिस पूछताछ के दौरान ऐक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें पति राज कुंद्रा की इन गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। शिल्पा का कहना है कि वह अपने काम में व्यस्त थीं और इसलिए यह नहीं जानतीं कि राज कुंद्रा क्या कर रहे थे। अब शर्लिन चोपड़ा ने एक वीडियो शेयर कर शिल्पा के इस बयान की हंसी उड़ाई है। शर्लिन ने इसे ‘येड़ा बनकर पेड़ा खाना’ कहा है।
मुंबई पुलिस ने गुरुवार को मुंबई की एक अदालत में यह चार्जशीट (Police Chargesheet) दायर की है। शिल्पा के बयान पर कटाक्ष करते हुए शर्लिन ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह वर्कआउट कर रही हैं और शिल्पा को दीदी कह रही हैं। शर्लिन कहती हैं, ‘कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दीदी का यह कहना है कि उन्हें अपने पति के कुख्यात गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। और तो और दीदी का यह भी कहना है कि उन्हें अपने पति की चल-अचल संपत्ति के स्रोत की भी जानकारी नहीं है। अब इस बात में कितनी सच्चाई है इसका अनुमान आप खुद लगा सकते हैं। वैसे इसे क्या कहते हैं… येड़ा बनकर पेड़ा खाना… है ना।’
