पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को थूकदान देने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के थूक में बह जाएगा मंत्रिमंडल वाले बयान का विवाद आज मारपीट तक पहुंच गया। कांग्रेस कार्यकर्ता आज पूर्व मंत्री और कुरूद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर को थूकदान भेंट करने पहुंच गए। इस दौरान विधायक समर्थक भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच गाली-गलौज और मारपीट हो गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों को अलग किया।
बताया जा रहा है, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता आज कुरूद भाजपा कार्यालय में विधायक को थूकदान भेंट करने गए थे। विधायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का थूकदान लेने से पहले भगवा रंग का गमछा पहनाने की कोशिश की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसको पहनने से इनकार कर दिया। उसके बाद कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने जोर-जोर से बोलना शुरू किया “सबसे पहले स्थानीय विधायक अजय चंद्राकर जो अमर्यादित बयान दे रहे हैं, उसके विरोध में यह थूकदान भेंट करेंगे।” कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंद्राकर पर किसानों और छत्तीसगढ़ की संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दिया। भाजपा कार्यालय में मौजूद विधायक के समर्थक भी विरोध में शोर मचाने लगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धक्का मारना शुरू किया। उसके बाद वहां मारपीट और गालीगलौज होने लगा।
