आधी रात को देश की स्थापना दिवस परेड हुई, लंबे वक्त बाद तानाशाह किम जोंग भी नजर आए
उत्तर कोरिया में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात स्थापना दिवस परेड हुई। तानाशाह किम जोंग भी इसमें शामिल हुए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हर साल आयोजित की जाने वाली इस परेड को ‘पैरामिलिट्री एंड पब्लिक सिक्योरिटी’ परेड कहा जाता है।
राजधानी में आयोजन
परेड का आयोजन राजधानी प्योंगयांग में में किया गया। किम की मौजूदगी में फाइटर जेट्स करतब दिखाते नजर आए। किम एक बालकनी से लोगों का अभिवादन करते दिखे। सैनिकों ने मार्च पास्ट किया। डॉग स्क्वॉड भी परेड का हिस्सा बनी। दो साल पहले तक इस परेड में भारी और खतरनाक हथियार देखे जाते रहे, लेकिन पिछले और इस साल ऐसा नहीं हुआ। इस साल की यह तीसरी परेड थी। सरकारी टीवी चैनलों पर इसका लाइव टेलिकास्ट हुआ।
एटमी प्रोग्राम जारी
नॉर्थ कोरिया के एटमी प्रोग्राम को लेकर दुनिया के कई देश परेशान हैं। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने उस पर सख्त प्रतिबंध लगाए हैं। पिछले साल अक्टूबर में एक परेड के दौरान बैलेस्टिक मिसाइल के प्रोटोटाइप भी नजर आए थे। जनवरी में भी इसी तरह की एक परेड आयोजित की गई थी। खास बात यह है कि यह परेड जो बाइडेन के शपथ ग्रहण के कुछ दिन पहले आयोजित की गई थी। इसके मायने ये निकाले गए कि ट्रम्प के बाद किम बाइडेन को भी अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं। गुरुवार को निकाली गई परेड स्थापना दिवस की 73वीं परेड थी।