बिलासपुर में बाइक चोर गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार, 12 बाइक बरामद
सिविल लाइन पुलिस ने बिलासपुर के भीड़ भाड़ वाली जगहों से बाइक चोरी करने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनमें से एक शिक्षाकर्मी है। गिरोह के कब्जे से पुलिस ने 9 लाख रुपए के कुल 12 बाइक और स्कूटी मिली है। जिन्हें यह मास्टर की के जरिए मॉल और बाजारों से चोरी किया करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 खुली हुई दो पहिया वाहन भी जब्त की है। लेकिन अंदर की खबर है कि बिलासपुर पुलिस ने इस गिरोह से चोरी की बाइक खरीदने वाले शहर के दो बड़े कबाड़ियों पर मेहरबानी दिखाई है। पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया।
बिलासपुर पुलिस ने दरअसल आज एक बाइक चुराने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सदस्य राजेंद्र साहू(28) शहर में घूम घूम कर बृहस्पति बाजार, कंपनी गार्डन और मैग्नेटो मॉल के पास से बाइक चुराया करता था। जिन्हें वह ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेच दिया करता था। वहीं जो गाडियां नहीं बिकती थी उन्हें उसके मैकेनिक साथी रघुनंदन ध्रुव(45), प्रमोद(37) और ओमकार रात्रे(28) खोल कर उसके पार्ट्स निकाल लिया करते थे। जिसे कबाड़ी फारुख(32) खरीद लिया करता था। बाद में वह इसे बड़े कबाड़ियों को बेच दिया करता था। सूत्रों के अनुसार, पुलिस खुलासे से पहले पूछताछ के लिए इस गिरोह के 7 सदस्यों को थाने में लेकर आई थी। लेकिन बाद में 2 को रवानगी दे दी गई। जिनपर मेहरबानी दिखाई गई वह आरोपी शहर के बड़े कबाड़ी हैं।