अफगानिस्तान में तालिबानी सरकार का नेतृत्व करेगा मुल्ला बरादर
अफगानिस्तान में लंबे समय तक चली अटकलों के बाद अब नई सरकार का स्वरूप सामने आते दिख रहा है। तालिबानी सूत्रों के मुताबिक अफगानिस्तान में नई सरकार का नेतृत्व मुल्ला बरादर करेगा। वहीं सरकार मुल्ला उमर के बेटे मुल्ला याकूब और भारत में पढ़े शेर मोहम्मद स्टानेकजई को भी अहम पद दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि यह नई सरकार ईरान के तर्ज पर काम करेगी।
सूत्रों के मुताबिक आज या कल में किसी भी वक्त तालिबानी सरकार का ऐलान हो सकता है। बताया जा रहा है कि तालिबान नेताओं में अभी भी बातचीत जारी है। तालिबान ने इस बात की पुष्टि की है कि वे अपने सबसे बड़े धार्मिक नेता मुल्ला हेबतुल्ला अखुंदजादा को अफगानिस्तान का सर्वोच्च नेता बनाने जा रहे हैं। मुल्ला अखुंदजादा का व्यक्तित्व बहुत रहस्यमय है और उन्हें लंबे समय से सार्वजनिक रूप से देखा नहीं गया है।तीन साल पहले जेल से रिहा होने के बाद तालिबान नेता अब्दुल गनी बरादर अफगानिस्तान में 20 साल से चल रहे युद्ध का निर्विवाद विजेता बनकर उभरा। बरादर का कद तालिबान के प्रमुख हैबतुल्लाह अखुंदजादा से नीचे है। इसके बावजूद उसे तालिबान का हीरो माना जा रहा है, वहीं अखुंदजादा अब भी पर्दे के पीछे से छिपकर ही अपने आतंकी संगठन को चला रहा है।
