राहुल गांधी के साथ साढ़े तीन घंटे की मैराथन मीटिंग के बाद विधायकों से मिलने पहुंचे भूपेश बघेल
नई दिल्ली/रायपुर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नई दिल्ली में राहुल गांधी के साथ मीटिंग खत्म हो गई है। इसके बाद बघेल एआईसीसी में पार्टी विधायकों से मिलने पहुंचे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मीटिंग में क्या नतीजा निकला।
मीटिंग से बाहग निकल कर बघेल ने मीडियाकर्मियों को बताया कि छत्तीसगढ़ के विकास और राजनीति के बारे में राहुल गांधी के साथ विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने सभी बातें उनके सामने रखीं और राहुल को छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया है। राहुल ने निमंत्रण स्वीकार किया है। वे संभवतः अगले सप्ताह बस्तर क्षेत्र का दौरा करेंगे।
बैठक के बाद बाहर निकले बघेल ने मुख्यमंत्री पद के ढाई-ढाई साल के फॉर्म्यूले पर पूछे गए सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ यह कहा कि कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी एल पुनिया ने जो पिछले दिनों कहा था, उसके बाद कोई बात बाकी नहीं रह जाती। राहुल गांधी के साथ गत मंगलवार को हुई बघेल और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव की बैठक के बाद पुनिया ने कहा था कि नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
राहुल गांधी के आवास पर शुक्रवार को बघेल के साथ बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल और पुनिया भी मौजूद थे।
