30 टीमें ट्रॉफी के लिए जोर-आजमाइश लगाएंगी, चेल्सी डिफेंडिंग चैंपियन
अगले महीने से UEFA चैंपियंस लीग 2021 का आगाज हो जाएगा। अब तक 10 देशों की 26 टीमें (क्लब) ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। वहीं 6 टीमों का फैसला प्लेऑफ से आएगा। इस बार कुल 30 टीमें जोर आजमाइश लगाएंगी। ग्रुप स्टेज का मेन ड्रॉ 26 अगस्त को निकाला जाएगा। ड्रॉ के बाद ही ग्रुप स्टेज के मैचों की शुरुआत होगी।
अर्जेंटीना के स्टार स्ट्राइकर लियोनल मेसी इस साल नए क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) से खेलते दिखाई देंगे। पिछले साल वे बार्सिलोना से खेले थे। इसी महीने मेसी ने स्पैनिश क्लब बार्सिलोना को अलवीदा कहा था। वे बार्सिलोना से पिछले 17 साल से खेल रहे थे। वहीं क्रिस्टियानो रोनाल्डो इटैलियन क्लब युवेंटस से खेलते दिखाई देंगे।
चेल्सी डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगी
ग्रुप स्टेज के लिए ड्रॉ भारतीय समयानुसार 26 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से निकाला जाएगा। ड्रॉ इवेंट तुर्की के इस्तांबुल में होगा। इस बार UEFA चैंपियंस लीग का फाइनल 28 मई 2022 को रूस के सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में होगा। 2020/21 सीजन का फाइनल पुर्तगाल के पोर्टो के एस्टेडियो डो ड्रेगाओ में मैनचेस्टर सिटी और चेल्सी के बीच खेला गया था। इस मैच को चेल्सी ने जीता था। चेल्सी टीम इस साल डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगी।
