आखिरी के घंटों में इंग्लैंड की दमदार वापसी, भारत के 6 विकेट गिरे
लंदन
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के चौथे दिन दूसरी पारी में 82 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 181 रन बना लिए हैं। शुरुआती विकेट खोने वाली टीम इंडिया के लिए चेतेश्वर पुजारा (45) और अजिंक्य रहाणे (61) ने चौथे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी करते हुए कुछ साहस जरूर दिया, लेकिन रविवार का खेल खत्म होने से ठीक पहले इंग्लैंड ने दोनों के अलावा रविंद्र जडेजा को भी आउट करते हुए मेहमान टीम को मुश्किल में डाल दिया। भारत के पास फिलहाल 154 रनों की बढ़त है।
इससे पहले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने फॉर्म में चल रहे भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों को सस्ते में पवेलियन भेजकर लंच तक मैच पर मेजबान की पकड़ मजबूत कर दी थी। भारत ने तीन विकेट 56 रन पर गंवा दिये हैं।सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और रोहित शर्मा अब तक इस श्रृंखला में मध्यक्रम की नाकामी की भरपाई करते आये हैं लेकिन इस पारी में दोनों नहीं चल सके
ऐसे में कप्तान विराट कोहली से जो रूट की तरह कप्तानी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाये। कोहली 31 गेंद में 20 रन बनाकर सैम कुरेन की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। रूट ने वुड को गेंद जल्दी सौंप दी और अतिरिक्त रफ्तार का फायदा उठाते हुए वुड ने भारत को शुरूआती झटके दिये।
