मनप्रीत एंड कंपनी ने रचा इतिहास, भारत ने ओलिंपिक में 41 साल बाद जीता पदक
नई दिल्ली
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने तोक्यो ओलिंपिक (Tokyo Olympics 2020) में इतिहास रच दिया है। ओलिंपिक में लंबे समय से चले आ रहे पदक के सूखे को मनप्रीत सिंह (Manpreet Singh) एंड कंपनी ने गुरुवार को खत्म दिया। भारत ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में शानदार वापसी करते हुए जर्मनी को 5-4 से हरा दिया। इस तरह भारत ने 1980 के बाद ओलिंपिक में पहली बार पोडियम फिनिश किया।
हॉकी में ऐतिहासिक जीत
सिमरनजीत सिंह के दो गोल की बदौलत भारत ने दो बार पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए गुरुवार को यहां रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे कांस्य पदक के प्ले आफ मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराकर ओलंपिक में 41 साल बाद कांस्य पदक जीता।
आठ बार की ओलिंपिक चैंपियन और दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय टीम एक समय 1-3 से पिछड़ रही थी लेकिन दबाव से उबरकर आठ मिनट में चार गोल दागकर जीत दर्ज करने में सफल रही।