छत्तीसगढ़ में चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण का रास्ता साफ
रायपुर
छत्तीसगढ़ में चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण (Acquisition Of Chandulal Chandrakar Medical College) का रास्ता साफ हो गया है। विधानसभा से अधिग्रहण बिल पास हो गया है। विपक्ष का आरोप है कि इस मेडिकल कॉलेज का कनेक्शन सीएम के दामाद से है। पूर्व सीएम रमन सिंह ने इसे लेकर भूपेश सरकार पर निशाना साधा है।
दरअसल, भिलाई स्थित चंदूलाला चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के अधिकग्रहण को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी विवाद गहराता जा रहा है। इसके अधिग्रहण के लिए भूपेश कैबिनेट ने 20 जुलाई को प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आरोप लगाया था कि सीएम भूपेश अपने दामाद को फायदा पहुंचाने के लिए ये सब कर रहे हैं। इस पर सरकार की तरफ से यह दलील दी गई थी कि हमने जनहित में यह फैसला लिया है।
विधानसभा में अधिग्रहण बिल को आज मंजूरी मिल गई है। पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि ऐसे मेडिकल कॉलेज का अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसकी मान्यता 2017 में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने समाप्त कर दिया है।
