छत्तीसगढ़फीचर्ड

सरगुजा की खेल प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान, फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां होंगी स्थापित : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री साय के मुख्य आतिथ्य में संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का भव्य समापन

सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण और जनजातीय अंचलों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच : मुख्यमंत्री

4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन, बालिकाओं की उत्साहजनक भागीदारी

11 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत

खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

रायपुर, 29 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के भव्य समापन समारोह में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने सरगुजा में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित करने की महत्वपूर्ण घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। यहां के युवाओं में प्रतिभा, परिश्रम और आगे बढ़ने का अद्भुत जज्बा है। हमारी सरकार का संकल्प है कि ग्रामीण और दूरस्थ वनांचलों की प्रतिभाओं को भी आधुनिक खेल सुविधाएं, उत्कृष्ट प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हों, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय अंचलों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उनके सपनों को नई दिशा देने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी अपने साथ एक सपना लेकर आता है। हमारा प्रयास है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी प्रतिभा का सपना अधूरा न रह जाए। सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास जगाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर प्रदान कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और चुनौतियों का सामना करना सिखाते हैं। मैदान में हार और जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख से अधिक पंजीयन, बालिकाओं ने भी दिखाया उत्साह

मुख्यमंत्री श्री साय ने सरगुजा ओलंपिक के प्रति बढ़ते उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि पिछले संस्करण में लगभग साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है। विशेष रूप से बालिकाओं की उत्साहजनक भागीदारी इस आयोजन की बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से दूरस्थ गांवों और वनांचलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। यह आयोजन सरगुजा में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

सरगुजा में स्थापित होंगी फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सरगुजा संभाग की खेल प्रतिभाओं को बड़ी सौगात देते हुए फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन अकादमियों के माध्यम से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऐसा खेल वातावरण विकसित कर रही है, जिसमें प्रतिभाओं की पहचान से लेकर प्रशिक्षण, प्रतिस्पर्धा, प्रोत्साहन और रोजगार तक के अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में सरगुजा की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का परचम लहराएंगी।

खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अभूतपूर्व अवसर मिल रहे हैं। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार भी खेल अधोसंरचना के विकास और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *