छत्तीसगढ़फीचर्ड

छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के सपनों को मिलेंगे अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक पहुंचने के पंख : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने किया ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का शुभारंभ

जशपुर के 50 चयनित विद्यार्थी तैयार कर रहे अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड

जनजातीय अंचल के विद्यार्थी अब अंतरिक्ष विज्ञान की अत्याधुनिक तकनीकों से होंगे रूबरू

अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण

जिला प्रशासन की अभिनव पहल, अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और IDYM फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन से साकार हो रही परियोजना

रायपुर, 29 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निज निवास में महत्वाकांक्षी ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का शुभारंभ किया। इस अभिनव पहल के माध्यम से जशपुर के 50 चयनित विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान की अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड विकसित कर रहे हैं। जिला प्रशासन जशपुर की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स (IDYM) फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में क्रियान्वित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन, सहयोगी संस्थाओं और विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जशपुर जैसे जनजातीय बहुल अंचल के विद्यार्थियों का अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि हमारे ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। JOHAR Edu-SAT जैसी पहल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को नई पहचान देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का युग विज्ञान, तकनीक और नवाचार का युग है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। देश की इस गौरवशाली यात्रा से छत्तीसगढ़ के दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों का जुड़ना अत्यंत उत्साहजनक है। हमारी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर बच्चे को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि जशपुर के बच्चों की यह पहल आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जिलों के विद्यार्थियों को भी विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियां सीख रहे जशपुर के विद्यार्थी

जिला प्रशासन जशपुर द्वारा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए लगातार नवाचारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अंतरिक्ष ज्ञान अभियान, रोबोटिक्स कार्यशाला, रॉकेट्री कार्यशाला, सैटेलाइट प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराया जा रहा है।

इन्हीं प्रयासों की अगली कड़ी के रूप में JOHAR Edu-SAT परियोजना प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत जिले के 50 चयनित विद्यार्थी सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग, रेडियो संचार और अंतरिक्ष तकनीक की बारीकियां सीख रहे हैं। विद्यार्थियों को इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी प्राप्त हो रहा है।

परियोजना के तकनीकी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी IDYM फाउंडेशन निभा रहा है, जो इसरो में पंजीकृत स्पेस ट्यूटर संस्था है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक Amateur Radio Satellite Payload के डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

अंतरिक्ष से संदेश प्रसारित करने की तैयारी, जशपुर में स्थापित हुआ ग्राउंड स्टेशन

JOHAR Edu-SAT परियोजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण इसरो के POEM/SMiLE प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रस्तावित है। इसका संभावित प्रक्षेपण अप्रैल 2027 में निर्धारित किया गया है।

इस परियोजना का उद्देश्य विद्यालयों द्वारा भेजे गए संदेशों को अंतरिक्ष से प्रसारित करना है। इसके लिए जशपुर में UHF ग्राउंड स्टेशन भी स्थापित किया गया है, जिसकी सहायता से सैटेलाइट को ट्रैक करने, अंतरिक्ष से प्राप्त डेटा को ग्रहण करने और उसे डिकोड करने का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *