हैदराबाद में रविवार को आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर दिया
हैदराबाद में रविवार को आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, स्पेशल ब्रांच को एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें शहर में आतंकी हमले करने की चेतावनी दी गई थी।
ईमेल लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के नाम से भेजा गया है। इसमें काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन और होटल टूरिस्ट प्लाजा को बम धमाकों के संभावित निशाने के तौर पर बताया गया है। धमकी में 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमलों जैसे हमले करने की बात कही गई है।
ईमेल में जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर और मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट तथा उसके साथियों को मार गिराए जाने का बदला लेने की बात कही गई है। हालांकि, ईमेल में धमाकों की कोई तारीख या समय नहीं बताया गया है।
