कभी संयुक्त परिवार की पहचान एक ही छत के नीचे रहने वाले दादा-दादी, माता-पिता और बच्चों से होती थी
कभी संयुक्त परिवार की पहचान एक ही छत के नीचे रहने वाले दादा-दादी, माता-पिता और बच्चों से होती थी। अब शहरों में इसकी नई तस्वीर दिखाई दे रही है। बेटा-बहू और बच्चे एक फ्लैट में, जबकि माता-पिता उसी सोसाइटी की दूसरी मंजिल या बगल की बिल्डिंग में रहते हैं। जरूरत पड़ने पर कुछ मिनट में एक-दूसरे के पास पहुंच सकते हैं, लेकिन खाने, खर्च, मेहमानों और दिनचर्या के फैसले अपने हिसाब से लेते हैं।
महंगे मकान, बच्चों की देखभाल, बुजुर्गों की सुरक्षा और निजी जिंदगी की चाह ने परिवार के इस नए मॉडल को जन्म दिया है। यानी संयुक्त परिवार टूट नहीं रहा, बस उसका पता और रहने का तरीका बदल रहा है। दादा-दादी बच्चों की देखभाल में मदद कर सकते हैं और जरूरत पर उन्हें सहारा मिलता है। युवाओं के जीवन में ज्यादा दखल भी नहीं होता।
