भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और पांचवें टी-20 से बाहर हो गए
भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और पांचवें टी-20 से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का अभी ऐलान नहीं किया गया है।
दोनों खिलाड़ियों को ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी-20 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। वरुण IPL 2026 के दौरान बाएं पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर के बावजूद खेलते रहे थे। इसके बाद उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज और आयरलैंड दौरा मिस किया था।
बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब पूरा करने के बाद उन्होंने इंग्लैंड सीरीज से वापसी की थी। इस सीरीज में उन्होंने दो मैचों में 1 विकेट लिया। दूसरी ओर, हर्षित राणा को 2026 टी-20 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में घुटने में चोट लगी थी। इसके चलते वे पूरा टूर्नामेंट नहीं खेल सके थे। सर्जरी और लंबे रिहैब के बाद उन्होंने आयरलैंड दौरे से टीम इंडिया में वापसी की थी।
