धोनी ने गंभीर को दी बधाई, बुमराह को बताया चैंपियन गेंदबाज
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद एक ऐसा पल भी आया जिसने फैंस को हैरान कर दिया। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जो लंबे समय से सोशल मीडिया पर बेहद कम सक्रिय रहे हैं, उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर टीम को बधाई दी।धोनी फाइनल के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वीवीआईपी बॉक्स में रोहित शर्मा और जय शाह के साथ मौजूद थे। भारत की जीत के कुछ ही मिनट बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर हेड कोच गौतम गंभीर और पूरी टीम की तारीफ की।
‘कोच साहब’ को खास अंदाज में दी बधाई
धोनी ने अपने पोस्ट में गौतम गंभीर का जिक्र करते हुए बेहद दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, ‘कोच साहब, मुस्कान आप पर बहुत अच्छी लगती है। मुस्कान के साथ आपकी तीव्रता घातक कॉम्बिनेशन है, बहुत बढ़िया।’ गंभीर अपने सख्त और गंभीर स्वभाव के लिए जाने जाते हैं, इसलिए उनकी जीत के बाद की मुस्कान पर धोनी की यह टिप्पणी फैंस को खूब पसंद आई।धोनी ने आगे पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को बधाई देते हुए लिखा, ‘अहमदाबाद में इतिहास बना है। टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर के भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते देखना बेहद खुशी की बात है।’
बुमराह की गेंदबाजी पर भी खास टिप्पणी
धोनी ने अपने पोस्ट में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का भी जिक्र किया। हालांकि उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि उनके बारे में ज्यादा कुछ कहना जरूरी नहीं है। धोनी ने लिखा, ‘बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है… चैंपियन गेंदबाज।’ दरअसल, फाइनल मुकाबले में बुमराह ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को पूरी तरह परेशान कर दिया था। उन्होंने 4 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।
