Biz Updates: ओस्लो में भारत-नॉर्वे निवेश व ग्रीन सहयोग पर चर्चा; अमेरिकी टैरिफ से टेक्सटाइल-अपैरल निर्यात घटा
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ओस्लो में नॉर्वे के वित्त मंत्री जेंस स्टोल्टेनबर्ग के साथ बैठक कर द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने ट्रेड एंड इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (TEPA) के प्रभावी उपयोग पर सहमति जताई, खासकर ब्लू इकॉनमी, ग्रीन इकॉनमी और संप्रभु संपत्ति एवं पेंशन फंड के जरिए निवेश बढ़ाने के क्षेत्रों में। वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान नॉर्वे के वित्त मंत्री ने भारत की तेज आर्थिक वृद्धि को निवेश और विकास के लिए बड़े अवसरों वाला बताया।बैठक में अक्षय ऊर्जा, विशेष रूप से सौर ऊर्जा, रेयर अर्थ प्रोसेसिंग, और कार्बन कैप्चर एवं स्टोरेज जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों देशों ने उभरते और सतत क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने के लिए टीईपीए का लाभ उठाने पर सहमति व्यक्त की।ब्लू इकॉनमी (समुद्र आधारित उद्योग) और पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने वाली ग्रीन इकॉनमी को सहयोग के प्रमुख फोकस क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया। इसके अलावा, संप्रभु संपत्ति फंड और पेंशन फंड के माध्यम से निवेश बढ़ाकर आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने पर भी विचार हुआ। जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने यह भी कहा कि नॉर्वे इस वर्ष प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा का इंतजार कर रहा है और उम्मीद जताई कि इससे भारत-नॉर्वे सहयोग को नई गति मिलेगी।
