India-France Ties: तीन दिन के भारत दौरे पर आज रात मुंबई पहुंचेंगे फ्रांस के राष्ट्रपति, जानें पूरा कार्यक्रम
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 16 फरवरी को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, मैक्रों 16 से 19 फरवरी तक मुंबई और नई दिल्ली में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह उनका प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत का चौथा दौरा होगा, जो भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की गहराई और निरंतरता को दर्शाता है।मुंबई में उच्चस्तरीय कार्यक्रम और द्विपक्षीय बैठक राष्ट्रपति मैक्रों सोमवार देर रात मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचेंगे। 17 फरवरी को वे प्रधानमंत्री मोदी से मुंबई के लोक भवन में मुलाकात करेंगे। इसके बाद राजभवन के दरबार हॉल में दोनों नेता समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान करेंगे और संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी करेंगे।इसी दिन ताज महल पैलेस होटल में इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम आयोजित होगा, जबकि शाम को गेटवे ऑफ इंडिया पर ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन एंड कल्चरल कमेमोरेशन 2026’ का संयुक्त उद्घाटन किया जाएगा।एआई इम्पैक्ट समिट में वैश्विक फोकस 18 फरवरी को मैक्रों नई दिल्ली पहुंचेंगे और भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेंगे। 19 फरवरी को वे उद्घाटन समारोह, कंट्री पवेलियंस का दौरा, लीडर्स प्लेनरी और वर्किंग लंच में भाग लेंगे। यह समिट कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उभरती प्रौद्योगिकियों और वैश्विक नीति सहयोग पर केंद्रित है, जिसमें दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष, नीति-निर्माता और टेक लीडर्स शामिल होंगे
