Google Analytics Meta Pixel
खेल

नशे में धुत पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने तीन कारों को मारी टक्कर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, क्योंकि उसने नशे की हालत में अपनी एसयूवी कार से तीन अन्य कारों को टक्कर मार दी। ये पूर्व क्रिकेटर कोई और नहीं, बल्कि जैकब मार्टिन हैं। इन्होंने 10 इंटरनेशनल मैच भारतीय टीम के लिए खेले हैं। जैकब मार्टिन ने मंगलवार 27 जनवरी की सुबह वडोदरा जिले में अपनी लग्जरी एसयूवी चलाते हुए कथित तौर पर शराब के नशे में सड़क किनारे खड़ी 3 कारों में टक्कर मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने कहा कि हादसे के कुछ घंटे बाद 53 वर्षीय मार्टिन को हिरासत में लिया गया। मार्टिन ने भारत के लिए 10 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं। 1999 से 2001 के बीच वे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेले थे। डोमेस्टिक क्रिकेट में अच्छा खासा नाम उन्होंने कमाया था। वे बड़ौदा के लिए लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट खेले हैं। वह रणजी टीम के कप्तान भी थे।पुलिस ने बताया कि बड़ौदा के पूर्व बल्लेबाज मार्टिन रात करीब 2:30 बजे अकोटा इलाके की पुनीत नगर सोसाइटी के पास अपनी लग्जरी एसयूवी चला रहे थे, तभी नशे की हालत में वाहन से नियंत्रण खो बैठे और एक घर के बाहर खड़ी तीन कारों से जा टकराए। अकोटा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने पीटीआई को यह जानकारी दी। यही पहली बार नहीं है, जब किसी केस में उनको पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह पहले भी एक केस में गिरफ्तार हो चुके हैं।क्षतिग्रस्त कारों के मालिक की शिकायत के आधार पर पूर्व क्रिकेटर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत लापरवाही और शराब पीकर वाहन चलाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मार्टिन की एमजी हेक्टर कार को जब्त कर लिया है। गौरतलब है कि बड़ौदा रणजी ट्रॉफी टीम के पूर्व कप्तान जैकब मार्टिन को वर्ष 2011 में दिल्ली पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में भी गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *