रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी को होने वाली परेड के लिए टिकटों की बिक्री का ऐलान कर दिया
रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी को होने वाली परेड के लिए टिकटों की बिक्री का ऐलान कर दिया है। एक बयान के मुताबिक 77वें गणतंत्र दिवस की मुख्य परेड, बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल और मुख्य बीटिंग रिट्रीट समारोह के टिकटों की बिक्री 5 जनवरी से शुरू होगी।
बिक्री 14 जनवरी तक जारी रहेगी। टिकट रोज सुबह 9 बजे से तब तक खरीदे जा सकते हैं जब तक आवंटित कोटा खत्म नहीं हो जाता। टिकटों की कीमत 20 से 100 रुपए है।
बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल के लिए टिकट 20 रुपए में जबकि बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए टिकटों की कीमत 100 रुपए है। टिकट aamantran.mod.gov.in के जरिए खरीदे जा सकते हैं।
इधर, कर्तव्य पथ पर पहली बार सेना की रिमाउंट एंड वेटरनरी विंग के जानवर परेड में शामिल होंगे। इनमें 2 बैक्ट्रियन ऊंट, 4 जास्कर टट्टू, 4 शिकारी पक्षी और 10 मिलिट्री डॉग शामिल हैं।
