मध्य प्रदेश

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस में की शिरकत

रीवा जिले में होमगार्ड्स का 79वां और नागरिक सुरक्षा संगठन का 63वां स्थापना दिवस मनाया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप शामिल हुए। होमागर्ड परेड मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। उन्होंने होमगार्ड जवानों द्वारा प्रस्तुत किए गए आकर्षक मार्चपास्ट की भी सराहना की। समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले होमगार्ड जवानों के साथ-साथ मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ने 171.16 लाख रुपये की लागत से निर्मित जिला होमगार्ड बैरक के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि हम सब सेवा, अनुशासन और समर्पण के लिए प्रतिबद्ध हैं। होमगार्ड्स के जवान हमारी सुरक्षा के लिए हमेशा मौजूद रहते हैं। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि जवान जिला पुलिस बल के साथ मिलकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संगठन को अपने कर्तव्यों के प्रति उत्साह बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि अपने काम को उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। इससे हमारा इतिहास भी सामने आ जाता है और वर्तमान में जो चुनौतियाँ हैं उनका कैसे सामना करना है उसके लिए हमारा संकल्प भी मजबूत होता है। उप मुख्यमंत्री ने होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस को इस वर्ष गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस की तरह उल्लास के साथ मनाने की पहल के लिए डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट होमगार्ड्स मीनक्षी चौहान की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने जोर दिया कि ऐतिहासिक चीजों का उत्सव मिलकर मनाना चाहिए ताकि समाज में एक अच्छा संदेश जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, होमगार्ड्स के जवान, नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *