आसियान (ASEAN) देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने किया मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण
आसियान (ASEAN) देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार 20 नवंबर को मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय, भोपाल का भ्रमण किया। उन्होंने संग्रहालय की सभी दीर्घाओं में प्रदर्शित शिल्पों, चित्र प्रदर्शनी, चिन्हारी शॉप और पुस्तकालय ‘लिखन्दरा’ का अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय की दीर्घाओं में स्थापित हर एक प्रादर्श एवं उससे जुड़ी कथाओं की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के संयुक्त तत्वधान में हुआ। इसी बीच आसियान (ASEAN) देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनजातीय संस्कृति को बहुत ही सुचारू रूप से प्रदर्शित किया गया है। इसके लिए भारत एवं प्रदेश के विभाग को बहुत बधाई एवं संग्रहालय बनाने वाले कलाकारों के सहयोग के लिए भी उन्हें बधाई। अवलोकन के दौरान संग्रहालय अध्यक्ष श्री अशोक मिश्र एवं अन्य उपस्थित रहे। भ्रमण के बाद प्रतिनिधि मंडल को संग्रहालय की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
