घर की खरीदारी में अंतर—आठ शहरों में हल्की तेजी, दिल्ली-एनसीआर में मंदी 14% तक
व्यापार: देश के आठ प्रमुख शहरों में जुलाई-सितंबर तिमाही में मकानों की बिक्री मामूली बढ़कर 96,827 इकाई के स्तर पर पहुंच गई। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में बिक्री 14 फीसदी घटी है। एक साल पहले की समान अवधि में आठ शहरों में 96,544 मकान बिके थे। जुलाई-सितंबर तिमाही में नई आवासीय परियोजनाओं की पेशकश एक साल पहले के 91,863 से बढ़कर 94,419 इकाई पहुंच गई।
रियल एस्टेट पोर्टल हाउसिंग डॉटकॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगलूरू में मकानों की बिक्री 23 फीसदी बढ़कर 13,688 इकाई पहुंच गई। चेन्नई में यह 51 फीसदी की वृद्धि के साथ 5,389 इकाई रही। कोलकाता में 43 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 4,007 मकान बिके, जबकि हैदराबाद में 5 फीसदी बढ़कर 12,138 इकाई पहुंच गई। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर के बाजार में मकानों की बिक्री एक साल पहले के मुकाबले 14 फीसदी घटकर 8,668 इकाई रह गई। मुंबई में चार फीसदी गिरावट के साथ 28,690 मकान बिके। अहमदाबाद और पुणे में मकानों की बिक्री 11-11 फीसदी घटकर क्रमशः 8,297 और 15,950 इकाई रह गई।
