उथप्पा-करुण नायर की दोस्ती में दरार, जानें क्यों खत्म हुआ सालों पुराना साथ
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने करुण नायर के साथ अपने रिश्ते बिगड़ने की असली वजह का खुलासा किया है। उथप्पा ने कहा कि कर्नाटक टीम के एक साथी खिलाड़ी ने उनका एक इंटरव्यू करुण नायर के सामने तोड़-मरोड़कर पेश किया, जिससे दोनों के बीच दूरी आ गई।
टेस्ट टीम में जगह न मिलने से थे निराश
उथप्पा ने ‘फर्स्ट अंपायर’ पॉडकास्ट पर बातचीत में बताया कि उस समय वे भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद चयन नहीं हो रहा था। उन्होंने कहा, ‘उस समय मैं टेस्ट टीम में आने की कोशिश कर रहा था। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद मुझे मौका नहीं मिल रहा था। शायद मेरी निराशा उस इंटरव्यू में बाहर आ गई। मैंने कहा था कि टेस्ट कैप्स बहुत आसानी से दे दी जा रही हैं, लोगों को उन्हें अर्जित करना चाहिए, यूं ही नहीं मिलनी चाहिए।’
