राज्य सरकार हरित ऊर्जा उत्पादन में निभा रही अग्रणी भूमिका : मंत्री श्री शुक्ला
हरित ऊर्जा, ऊर्जा दक्ष भवन, पीएम-कुसुम एवं पीएम ई-ड्राईव पर हुई राउंड टेबल मीटिंग
भोपाल :
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि राज्य सरकार हरित ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी भूमिका निभा रही है और निवेशकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य है कि देश की 50 प्रतिशत ऊर्जा आवश्यकताएं नवकरणीय स्रोतों से पूरी हों। राज्य सरकार इसी दिशा में सक्रियता से प्रयासरत है। मंत्री श्री शुक्ला कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के सहयोग से “क्लाइमेट पार्लियामेंट” संबंधी राउंड टेबल मीटिंग को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सौर ऊर्जा क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रीजनल कॉन्क्लेव और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे आयोजनों से निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है और सरकार इस दिशा में तेज़ी से कार्य कर रही है।
मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि राज्य की प्रमुख सौर ऊर्जा परियोजनाओं में रीवा सोलर पॉवर प्लांट, ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्लांट, नीमच सोलर पॉवर जैसे प्रोजेक्ट न केवल प्रदेश के विकास में सहायक हैं, बल्कि रेलवे और मेट्रो जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को सस्ती बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश में सबसे किफायती दरों पर बिजली उत्पादन करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। मंत्री श्री शुक्ला ने अपील की कि हरित ऊर्जा और जल जीवन मिशन जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में सक्रिय योगदान दें।
