विकास की राह पर हम सबको साथ लेकर बढ़ रहे हैं आगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
विकास कार्यों से बदलेगी उज्जैन की तस्वीर
प्रदेश में चलेगा “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में 155 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण
भोपाल :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विकास का प्रकाश सभी तक पहुंचे, हमारी सरकार इसी मंशा से काम कर रही है। विकास की हर एक बात पर और तरक्की की राह पर हम सबको साथ लेकर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उज्जैन में 155 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों से शहर की तस्वीर बदलेगी। इन निर्माण कार्यों से शहर की बड़ी आबादी को स्थाई लाभ मिलेगा। इन निर्माण कार्यों से वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ में लाखों श्रद्धालुओं को आवागमन में भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि यह तो सिर्फ बानगी है, विकास की पूरी फिल्म अभी बाकी है। प्रदेश में चहुंओर विकास के काम हो रहे हैं। देश के साथ-साथ हमारा अपना मध्यप्रदेश भी बदल रहा है। विकास की बयार से प्रदेश का हर कोना निखर रहा है। उज्जैन जिले में हो रहे विकास कार्यों का विस्तार से जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नवनिर्माण में हम सबका सहयोग लेकर आगे बढ़ते रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को कालीदास अकादमी में उज्जैन शहर में विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्यापूजन कर लगभग 155 करोड़ रुपए की लागत वाले 8 नवीन सेतुओं और दो नवीन मार्गों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।