धान उत्पादक किसानों को प्रति हेक्टेयर दो हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उमरिया जिले में अटल जी की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उमरिया अंचल के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार धान उत्पादक किसानों को 2000 रुपए प्रति हेक्टेयर के मान से उनके बैंक खाते में अंतरित करेगी। इसका लाभ छोटे किसानों को भी मिलेगा। किसानों के हित में प्रदेश सरकार ने पहले कोदो-कुटकी के उत्पादन पर प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया। गेहूं उत्पादक किसानों से भी 2600 रुपए प्रति क्विंटल उपज खरीदी जाएगी। दुग्ध उत्पादक किसानों से सरकार दूध खरीदेगी और उन्हें बोनस भी देगी। किसानों को सोलर पंप देकर उन्हें बिजली के बिल से भी मुक्ति दिलाई जायेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हर नगरीय निकाय में गीता भवन बनाए जाएंगे। उमरिया में सोन नदी पर 45 करोड़ रुपए की लागत से नए पुल का निर्माण होगा। एक अन्य पुल भी 32 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को उमरिया जिले के नौरोजाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया एवं विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया।