नर्मदापुरम को भोपाल एवं इंदौर की तरह विकसित शहर बनाया जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
म.प्र. में दूध की दुकानें खुलेंगी, शराब की बंद होगी
मुख्यमंत्री ने 104.72 करोड़ के कार्यो का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण
नर्मदापुरम में खुलेगा इंजीनियरिंग कॉलेज
दीपदान और प्रकाश सज्जा से रोशन हुआ नर्मदापुरम का नर्मदा तट
नर्मदा जयंती पर माँ नर्मदा की आस्था और श्रद्धा में लीन हुआ नर्मदांचल
मुख्यमंत्री नर्मदापुरम में नर्मदा प्रकटोत्सव एवं नर्मदापुरम गौरव दिवस में हुए शामिल
भोपाल : माँ नर्मदा की पावन भूमि पर आने के लिए देवता भी तरसते हैं। समूचा अंचल इंद्र की सभा की तरह लग रहा है। ऐसा आनंद देवलोक में ही संभव है। माँ नर्मदा का आशीर्वाद प्रदेश के साथ है। म.प्र. नदियों का मायका है। यहां से माँ नर्मदा एवं अन्य पवित्र नदियां निकलती हैं। मनुष्य एवं देवता भी यहां समय बिताने को अपना सौभाग्य समझते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम में नर्मदा प्रकटोत्सव और नर्मदापुरम गौरव दिवस समारोह में संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नर्मदापुरम जिले के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। नर्मदापुरम को इंदौर-भोपाल की तरह ही शहर बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में दूध की दुकानें खोली जाएगी एवं शराब की दुकानें बंद होगी। नर्मदापुरम जिले में इंजीनियरिंग कालेज खोला जाएगा। उन्होंने सेठानी घाट में बनाए जल मंच से माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कन्या पूजन कर नर्मदा प्रकटोत्सव का शुभारंभ किया। आचार्य सोमेश परसाई, गोपाल प्रसाद खडडर एवं पं विनोद दुबे नें विधि विधान से पूजा संपन्न कराई। मुख्यमंत्री ने 104.72 करोड़ रुपये के 30 विकास कार्यो का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इसमें 29.96 करोड़ के 24 कार्यों का भूमि-पूजन एवं 74.76 करोड़ के 6 कार्यो का लोकार्पण शामिल है। नर्मदा प्रकटोत्सव पर नर्मदापुरम के सेठानी घाट में आटे से बने 1 लाख 25 हजार दीपक से दीपदान किया गया। नर्मदा तट आकर्षक रोशनी से भव्य आभा बिखेर रहा था।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि माँ नर्मदा नदी ही एक ऐसी नदी है, जिनकी परिक्रमा कर लोग धन्य होते है। नर्मदा के जल से मालवा-निमाड़ एवं समूचे नर्मदांचल क्षेत्र के 48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि नर्मदा मैया की कृपा से समृद्धि के नये द्वार खुले हैं। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने सभी नदियों को जोड़ने का सपना देखा था। 20 साल बाद उस सपने को साकार किया जा रहा है। केन-बेतवा नदी को जोडने से बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली है। इस प्रोजेक्ट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 01 लाख करोड़ की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदापुरम जिले में हुई रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के बारे में बताया कि इससे नर्मदापुरम संभाग में 31 हजार करोड़ रुपये का निवेश आएगा। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम के लोग पलायन न करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह औद्योगीकरण आने वाली पीढ़ी के लिए है। हमने सभी संभाग में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया है।