मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की जापानी पर्यटन मंत्री फुरुकावा से भेंट
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जापान दौरे के दौरान भूमि, अधोसंरचना, परिवहन और पर्यटन मंत्रालय (MLIT), जापान के राज्य मंत्री श्री यासुशी फुरुकावा से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने बुनियादी ढांचे, स्मार्ट सिटी, परिवहन प्रणाली के आधुनिकीकरण और पर्यटन विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत के सबसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में से एक है, जहां अधोसंरचना और परिवहन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाएं हैं। उन्होंने जापानी विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए मध्यप्रदेश में मेट्रो रेल और इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की। भोपाल और इंदौर जैसे स्मार्ट शहरों में जापानी तकनीक और निवेश से अत्याधुनिक शहरी सुविधाओं के विकास पर भी बातचीत हुई।
सौर ऊर्जा और सतत विकास पर चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सौर ऊर्जा सहित अन्य नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में जापानी कंपनियों की भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश देश का अग्रणी सौर ऊर्जा उत्पादक राज्य है और जापानी विशेषज्ञता के माध्यम से इस क्षेत्र में और तेजी लाई जा सकती है।
पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर सहमति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत और जापान के बीच ऐतिहासिक बौद्ध और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जापान के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए खजुराहो, सांची और अन्य विश्व धरोहर स्थलों को और अधिक विकसित करने की योजना पर चर्चा की। पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कान्हा और बांधवगढ़ जैसे राष्ट्रीय उद्यानों को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने के उपायों पर भी बात हुई।
