उत्तर भारत में ठंड से बढ़ी परेशानी, आज दिल्ली और यूपी में घने कोहरे का अनुमान

उत्तर भारत में कड़ाके पड़ रही है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार सहित कई राज्यों में शीतलहर ने आम जनजीवन प्रभावित किया है। पहाड़ी राज्यों में तो तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

बात करें आज के मौसम की तो दिल्ली में IMD ने आज के लिए घने कोहरे का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। 7 जनवरी को घने कोहरे के साथ अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। 8, 9 और 10 जनवरी को भी ऐसे ही मौसम रहने की उम्मीद है।

कोहरे की वजह से कई उड़ानें रद
दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों के मुकाबले कोहरे की चादर सोमवार को थोड़ी पतली हुई। इस कारण दृश्यता बेहतर रहीं। कई क्षेत्रों में हल्की वर्षा से ठंड और बढ़ गई।

कोहरे के कारण करीब 150 उड़ानें ऐसी रही, जिनके प्रस्थान व आगमन में करीब डेढ़ घंटे या इससे अधिक का विलंब हुआ। कुल 10 उड़ानें रद हुईं। रेलवे की दर्जनों ट्रेनों की बिगड़ी चाल में भी सुधार नहीं आया। वंदे भारत समेत कई राजधानी एक्सप्रेस व महत्वपूर्ण ट्रेनें घंटों लेट रहीं।

पहाड़ी राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम?
मंगलवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। हिमाचल में सोमवार सुबह लाहुल-स्पीति के सिस्सू, अटल टनल रोहतांग व मनाली के सोलंगनाला, हंसा, केलंग व गोंदला में हिमपात हुआ, जबकि कई जगहों पर फाहे गिरे। शिमला में वर्षा हुई।

कई स्थानों पर तेज आंधी चली और बिजली भी गिरी जिससे प्रदेश में फिर से ठंड बढ़ गई है और अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को मंडी, ऊना, बिलासपुर व हमीरपुर में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। उधर, शिमला के डोडरा क्वार में बर्फीले तूफान की चपेट में आकर फंसे 35 पर्यटकों को लोक निर्माण विभाग की टीम ने सुरक्षित निकाल लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *