Google Analytics Meta Pixel
मध्य प्रदेश

केन-बेतवा परियोजना से बुन्देलखण्ड होगा हरा-भरा, समृद्धशाली : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


मुख्यमंत्री ने 160 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन
बिजावर के सटई में खुलेगा कॉलेज
मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के भूमि-पूजन कार्यक्रम में सभी को किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री किसान सम्मेलन सह लोक कल्याण शिविर में हुए शामिल

भोपाल :जनकल्याण-पर्व
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र की तकदीर और तस्वीर दोनों ही बदलने वाली है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगामी 25 दिसम्बर को मूर्तरूप देने के लिये आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात गुरूवार को छतरपुर जिले के सटई में आयोजित किसान सम्मेलन सह लोक कल्याण शिविर में कही। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 11 दिसम्बर से 26 दिसम्बर तक जनकल्याण पर्व मनाया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के समग्र विकास के लिये विभिन्न सौगातें प्रदान की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये, स्व-सहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मेलन में 160 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. वाजपेयी की 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा केन-बेतवा लिंक परियोजना के भूमि-पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिये सभी को निमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराज छत्रसाल और आल्हा-ऊदल के पराक्रम और बलिदान को स्थानीय कवि की पंक्तियों, ‘छत्ता तेरे राज में धक-धक धरती होय, जित-जित घोड़ा मुख करे, तित-तित फत्ते होय’ का उद्घोष करते हुए याद किया। उन्होंने कहा कि 25 दिसम्बर के बाद वीरों की यह भूमि विकास के लिये भी जानी जायेगी। इस दिन प्रधानमंत्री श्री मोदी बुन्देलखण्ड क्षेत्र के कायाकल्प की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद बुन्देलखण्ड क्षेत्र में “सूखा” अतीत की बात हो जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की दूरदर्शी सोच ने ही पहली बार देश भर की नदियों को जोड़कर बिखरी पड़ी जल-शक्ति के समुचित प्रबंधन का सपना देखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *