कूनो में चीतों को तेंदुआ के बाद शिकारियों से खतरा
भोपाल। श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में छोड़े गए चीतों को तेंदुओं के बाद अब शिकारी का भी खतरा बढ़ गया है। दरअसल, मंगलवार को कूनो के मोरावन पश्चिम रेंज में वन विभाग के अमले और शिकारियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसके बाद कूनो नेशनल पार्क में चीतों की निगरानी और बढ़ा दी गई है, लेकिन शिकारी कूनो के जंगल से अच्छी तरह से परिचित हैं। इस वजह से वह कब, किस रास्ते से नेशनल पार्क के अंदर पहुंच जाएं और कहां जानवरों का शिकार कर लें, किसी को जानकारी नहीं होती। कूनो के अंदर जानवरों के शिकार के कई मामले पूर्व में भी आ चुके हैं। कई शिकारियों को जाल और हथियारों के अलावा जानवरों की खाल और मांस के साथ गिरफ्तार भी किया जा चुका है, लेकिन शिकारियों का नेटवर्क इतना ज्यादा बड़ा है कि वन विभाग की छोटी-छोटी कार्रवाई से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ रहा। ऐसे हालात में दूसरे जानवरों के साथ-साथ अब चीतों की जान को भी शिकारियों से खतरा हो सकता है।
