मुख्य सचिव श्री जैन की अध्यक्षता में हुआ समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम
समाधान ऑनलाइन में हुआ कई जन शिकायतों का निराकरण
जन-शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वालों की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश
दो अधीक्षण यंत्रियों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करने के भी निर्देश
भोपाल : मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम हुआ। समाधान ऑनलाइन में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, जिलों के कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षक सम्मिलित हुए। मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण है अधिकारी-कर्मचारी जनता के प्रति संवेदनशील रहें। जनसमस्याओं के प्रति समर्पित भाव से रुचि लें। जनता के काम का सकारात्मक समाधान होना चाहिए, तभी उनमें संतुष्टि का भाव जागृत होगा। श्री जैन ने कहा कि जनसमस्याओं का निराकरण सत्यता पर आधारित होना चाहिए। श्री जैन ने कहा कि झूठी रिपोर्टिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाकर उनकी सेवाएं समाप्त की जाएं। सीएम हेल्पलाइन का स्वरूप बदलकर फोरक्लोज करने वालों पर भी सख्त कार्यवाही की जाए।
मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि प्रक्रिया आधारित (प्रोसेस बेस्ड) सिस्टम बनाएं, जिसमें काम का बोझ कम होकर, समय सीमा पर कार्य हो सकेंगे। श्री जैन ने कहा कि अपने अधिकारियों कर्मचारियों की क्षमता निर्माण (कैपेसिटी बिल्डिंग) की जानी चाहिए, उन्हें विश्वास में लेकर कार्य किए जाएं। जिलों में विभागवार जनसमस्याओं का बारीकियों से निदान करें। श्री जैन ने कहा कि अच्छे कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाए और उनके कार्यों से अन्य अधिकारियों कर्मचारियों को भी अवगत कराएं।
समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में सीएम हेल्पलाइन के 20 नवम्बर 2024 तक के विभागवार एवं जिलेवार उच्च प्रदर्शन एवं निम्न प्रदर्शन की जानकारी दी गई। मुख्य सचिव श्री जैन ने सीहोर एवं विदिशा कलेक्टर्स से अच्छा प्रदर्शन होने पर उनसे जानकारी लेकर, इसके अनुरूप कार्य करने के लिए समस्त जिला कलेक्टर्स को निर्देशित किया। मुख्य सचिव श्री जैन ने उच्च प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के भी निर्देश दिए।
समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री जैन ने 10 जिलों उमरिया, शिवपुरी, धार, सिंगरौली, नीमच, राजगढ़, पन्ना, खरगोन, रतलाम, एवं ग्वालियर के शिकायतकर्ताओं से संवाद कर, उनकी शिकायतों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। साथ ही संबंधित जिले के कलेक्टर्स को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।