IND vs AUS: ऋषभ पंत की गलती पर टीम इंडिया पर लगा 25 रन का जुर्माना, क्या हार का कारण बनेगी यह गलती?
एक गलती कितनी भारी पड़ सकती है उसका बेहतरीन उदाहरण है पर्थ टेस्ट. इस मैच में ऋषभ पंत से हुई एक चूक टीम इंडिया को भारी पड़ी है. क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ने उसका फायदा उठाया है और टीम इंडिया पर उसके चलते 25 रन का जुर्माना लगा है. भारतीय गेंदबाजों ने एक के बाद एक ऑस्ट्रेलिया के 9 विकेट तो गिरा दिए. लेकिन जो काम पंत से हुई चूक का फायदा उठाकर स्टार्क और हेजलवुड की आखिरी जोड़ी ने किया, उसने ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापसी की ओर लाने का काम किया है. अब डर है कि कहीं यही पर्थ टेस्ट में टीम इंडिया की हार की वजह ना बन जाए.
पंत की गलती, टीम इंडिया पर 25 रन का जुर्माना!
पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के 9 विकेट 79 रन पर गिर गए थे. लेकिन, उसके बाद जॉश हेजलवुड ने मिचेल स्टार्क के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया के स्कोर बोर्ड में आखिरी विकेट के लिए 25 रन जोड़ दिए. यही 25 रन टीम इंडिया पर लगे जुर्माने की तरह रहे. ऐसा इसलिए क्योंकि पंत ने अगर हेजलवुड का कैच पकड़ लिया होता तो ऑस्ट्रेलिया के आखिरी विकेट के बीच 25 रन की साझेदारी तो कम से कम नहीं होती.
