अब हर दिन कोविड सेंटर में खाली बेड की जानकारी देगी सरकार
रविवार की शाम मुख्यमंत्री आवास में दोपहर से जारी बैठक खत्म हुई। इस बैठक में कोरोना को लेकर प्रदेश में किए जा रहे कामों की समीक्षा हुई। मंत्री और अधिकारियों के सुझाव पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चर्चा की। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि अब हर रोज सरकार यह जानकारी भी सार्वजनिक करेगी कि किस कोविड सेंटर में कितने बेड खाली हैं, ताकि लोगों में बिस्तरों की संख्या को लेकर कंफ्यूजन न हो।
7 सितंबर से प्रदेश की आंगनबाड़ियों को खोला जा रहा है। बैठक में सुझाव आया कि कम से कम 1 महीने के बाद ही आंगनबाड़ी खोलने पर विचार करना चाहिए। मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि इसपर यह तय किया गया कि जहां संक्रमण कम हो और स्थिति सामान्य हो, वहीं आंगनबाड़ी खोली जाएंगी। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को खोलने की अनिवार्यता नहीं है। जरूरत के हिसाब से स्थानीय प्रशासन फैसला ले सकता है।
